बिहार में गुरुवार की सुबह जैसे ही लोगों की आंखें खुलीं वातावरण में झमाझम बारिश हो रही थी। पटना के अलावा वैशाली, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी ,भोजपुर, बक्सर एवं गया सहित राज्य के कई जिलों में झमाझम बरसात हुई। इसे अरब सागर में उठे चक्रवात का साइड इफेक्ट भी माना जा रहा है। बारिश के दौरान आकाश काले बादलों से पट गया। दिन में ही अंधेरा इतना गहरा छा गया जैसे रात का नजारा देख रहा था।
आज की बारिश आम और लीची जैसे फसलों के लिए वरदान साबित होगी । किसानों का कहना है कि इससे आम की फसल अच्छी तरह पक जाएगी । गर्मी के कारण उसे पकने में कठिनाई होती है लेकिन बारिश के बाद आम के फल में अच्छी वृद्धि होगी और पकने में सुविधा होगी।
पटना मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक संजय कुमार का कहना है कि अरब सागर में उठा चक्रवात धीरे-धीरे समाप्त हो गया है लेकिन उसका साइड इफेक्ट उत्तर प्रदेश एवं बिहार पर देखा जा रहा है। कल दिल्ली में भी बारिश रिकॉर्ड की गई थी। उसके बाद उत्तर प्रदेश और आज तड़के बिहार के अधिकांश जिलों में झमाझम बारिश हो रही है। सुबह में बारिश होने से प्रदेश का वातावरण काफी ठंडा हो गया है इस तरह की स्थिति कल तक बने रहने की उम्मीद है। उसके बाद धीरे-धीरे मौसम सामान्य हो जाएगा।
20/05/2021